लातेहार

लातेहार में दर्दनाक हादसा : नहाने गए दो युवक डैम में डूबे

हादसा

Latehar : जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के गम्हरिया डैम में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान डूबने से आदिम जनजाति समुदाय के दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विशाल परहिया और मनोज परहिया के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

एक को बचाने में गई दोनों की जान
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक डैम में नहाने गए थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन दोनों ही गहराई में समा गए।

ग्रामीणों ने किया बचाने का प्रयास, लेकिन नहीं बच सके
दोनों को डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने की कोशिश भी की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही छिपादोहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने बताया कि नहाने के दौरान डूबने से दोनों युवकों की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।

ससुराल में रह रहा था एक युवक
मिली जानकारी के अनुसार, मनोज परहिया मूल रूप से बरवाडीह का रहने वाला था, लेकिन वह छिपादोहर में अपने ससुराल में रह रहा था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने-अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *