बोकारो में मतगणना के दिन बदलेगा ट्रैफिक रूट, सुबह 6 बजे से लागू रहेगी खास व्यवस्था

Bokaro : चास अनुमंडल क्षेत्र में नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना 27 फरवरी को चास स्थित बाजार समिति परिसर के वज्रगृह में की जाएगी। मतगणना के दिन यहां बड़ी संख्या में प्रत्याशी, समर्थक और आम लोग जुटेंगे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही खास ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढांडा और ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर ने बताया कि सुबह 6:00 बजे से मतगणना खत्म होने तक शहर में कई जगहों पर रूट डायवर्ट रहेगा।
भारी वाहनों के लिए ये रहेंगे वैकल्पिक रास्ते
अगर आप ट्रक या अन्य भारी वाहन चला रहे हैं तो 27 फरवरी को ये रूट अपनाने होंगे :
धनबाद से आकर पुरुलिया या रांची जाने वाले वाहन : तेलगड़िया मोड़ – अमलाबाद – चन्दनकियारी – बरमसिया मार्ग से जाएंगे।
पुरुलिया से धनबाद जाने वाले वाहन : मिर्धा चेकपोस्ट – पिण्ड्राजोरा – बरमसिया – चन्दनकियारी – अमलाबाद – तेलगड़िया मार्ग से गुजरेंगे।
रांची से धनबाद जाने वाले वाहन : जैनामोड़ – तुपकाडीह – भण्डारीदह – चन्द्रपुरा – टी-मोड़ – लोहपिट्टी मार्ग से जाएंगे।
चन्दनकियारी से रांची जाने वाले वाहन : जोधाडीह मोड़ – तेलगड़िया – अमलाबाद – चन्दनकियारी – बरमसिया मार्ग से जाएंगे।
तेलगड़िया से रांची जाने वाले वाहन : अमलाबाद – चन्दनकियारी – बरमसिया मार्ग से होकर निकलेंगे।
छोटे वाहनों के लिए अलग रूट प्लान
कार, बाइक और अन्य छोटे वाहनों के लिए भी प्रशासन ने अलग से रूट तय किया है :
धनबाद से पुरुलिया या रांची जाने वाले : तेलमच्चो पुल – सेक्टर-11 – हवाई अड्डा – नया मोड़ – उकरीद मोड़ से जाएंगे।
पुरुलिया से धनबाद आने वाले : आईटीआई मोड़ – उकरीद मोड़ – नया मोड़ – हवाई अड्डा – सेक्टर-11 – तेलमच्चो मार्ग अपनाएंगे।
रांची से धनबाद आने वाले : उकरीद मोड़ – नया मोड़ – हवाई अड्डा – सेक्टर-11 – तेलमच्चो मार्ग से गुजरेंगे।
चन्दनकियारी से रांची जाने वाले : जोधाडीह मोड़ – तेलमच्चो पुल – सेक्टर-11 – हवाई अड्डा – नया मोड़ – उकरीद मोड़ मार्ग से जाएंगे।
तेलगड़िया से रांची जाने वाले : तेलगड़िया मोड़ – तेलमच्चो – सेक्टर-11 – हवाई अड्डा – नया मोड़ – उकरीद मोड़ मार्ग का उपयोग करेंगे।
NH-32 पर रहेगा पूरी तरह प्रतिबंध
सबसे अहम बात ये है कि जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक NH-32 की दोनों लेन जोधाडीह मोड़ के पास पूरी तरह बंद रहेगी। आईटीआई मोड़ से जोधाडीह मोड़ तक NH-32 की दोनों लेन आईटीआई मोड़ के पास पूरी तरह बंद रहेगी। यानि इस हिस्से से सीधे आवागमन की अनुमति नहीं होगी।
