Home

मवेशी को बचाने की कोशिश में पलटा ट्रैक्टर, सात लोग गंभीर रूप से घायल

Gumla : जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। माड़ापानी गांव के पास ईंट लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ईंट लेकर कुरूमगढ़ स्थित पैदल अस्पताल गया था। वहां ईंट उठाने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर वापस लौट रहा था। ट्रैक्टर पर कई लोग भी सवार थे। रास्ते में माड़ापानी गांव के पास अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गई, जिसके बाद हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही मवेशी  ट्रैक्टर के सामने आई, चालक ने उसे बचाने के लिए वाहन को दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश की। चालक की मवेशी को बचाने की थी, लेकिन इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और बड़ा हादसा हो गया।

गड्ढे में फंसा पहिया, अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर

 मवेशी को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर का एक पहिया सड़क किनारे बने गड्ढे में जा फंसा। पहिया फंसते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। देखते ही देखते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर का अगला और पिछला हिस्सा अलग हो गया।

सात लोग गंभीर रूप से घायल

इस दुर्घटना में धर्मेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार और वासुदेव कुमार समेत कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ लोगों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि कुछ को गंभीर चोट लगने की जानकारी मिली है। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर के नीचे और आसपास फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने मिलकर घायलों को ट्रैक्टर के पास से बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन घायलों की हालत गंभीर, सदर अस्पताल में भर्ती

हादसे में गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार और वासुदेव कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल घायलों के इलाज और उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *