पोटका में मूसलधार बारिश से मची तबाही, छात्रावास में फंसे 162 बच्चों का रेस्क्यू, ग्रामीणों और प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा
पूर्वी सिंहभूम, 29 जून: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में शनिवार देर रात हुई मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। भारी बारिश के कारण गुड़रा नदी का जलस्तर अचानक खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया, जिससे इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस बाढ़ की चपेट में पांडरशुली गांव स्थित लव कुश इंग्लिश स्कूल का छात्रावास भी आ गया, जहां उस समय 162 छात्र सो रहे थे।
रातभर छत पर फंसे रहे बच्चे
बारिश के कारण नदी का पानी धीरे-धीरे छात्रावास के अंदर भरने लगा। जब पानी का स्तर तेजी से बढ़ा तो बच्चे जान बचाने के लिए छत पर चढ़ गए और करीब पांच घंटे तक दहशत में फंसे रहे। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रविवार तड़के बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, सीओ निकीता बाला, और कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और प्रशासन ने मिलकर रस्सियों के सहारे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें ऊंचे स्थान पर शिफ्ट किया। इस त्वरित और साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
गांवों में भारी नुकसान
इस आपदा से पांडरशुली, नदीढीपा, और आसपास के गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। गुड़रा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह ठप हो गया है। नदीढीपा गांव में बारिश का पानी घरों में घुस गया, कई बकरियां बह गईं और एक कार भी तेज बहाव में बह गई।
स्कूल में भी पानी भर गया
प्राथमिक विद्यालय खड़बंध में भी पानी भर गया, जिससे स्कूल परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया। ग्रामीण इस प्राकृतिक आपदा से बेहद भयभीत हैं। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि राहत और बचाव कार्य जारी है, और जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, सभी प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर रखा जाएगा।
