ट्रैक एशियन कप 2026 में झारखंड के तीन साइकिलिस्ट करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
Ranchi : झारखंड के लिए साइकिलिंग के क्षेत्र में यह गर्व का क्षण है। साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित ट्रैक एशियन कप 2026 में झारखंड राज्य के तीन प्रतिभाशाली साइकिल खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 से 31 जनवरी 2026 तक तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई स्थित SDAT साइक्लिंग वेलोड्रोम, वंडलूर में आयोजित की जा रही है।
इस प्रतियोगिता में एशिया के 11 देशों के शीर्ष साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं, जहां उच्च स्तरीय और रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। झारखंड से चयनित खिलाड़ियों में सरिता कुमारी, आमिर रियाज़ और विकास उरांव शामिल हैं। इन खिलाड़ियों का चयन उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन, कठिन प्रशिक्षण और समर्पण का परिणाम है।
ट्रैक एशियन कप जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड के खिलाड़ियों का चयन होना राज्य में साइकिलिंग खेल के निरंतर विकास और मजबूत खेल संरचना को दर्शाता है। यह उपलब्धि आने वाले समय में राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हसदा, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, उपायुक्त देवघर नमन प्रियस लकड़ा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत पाठक, महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा सहित कई पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके अलावा सुरेश कुमार, सुरजीत कुमार, शि. डी. सिंह, नीतीश कुमार निशांत, रितेश कुमार झा, दिलीप गुप्ता, शशिकांत पांडे, दीपक हेंब्रम, जितेंद्र महतो, राजेश कुमार यादव, सतविंदर कौर, राजकुमार मेहता, चंद्र बहादुर सिंह, पंकज अग्रवाल, प्रशिक्षक रामकुमार भट्ट, प्रशिक्षिका प्रोन्नति रानी, तस्लीम खान सहित विभिन्न खेल संघों और जिला संघों के अध्यक्ष-सचिवों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।
