पूर्वी सिहंभूमि

चेन छिनतई के तीन आरोपित गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 04 अगस्त । ओलडीह ओपी क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से लूटी गई सोने की चेन, एक देसी लोडेड पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, 40 हजार रुपये नकद, चार स्मार्ट मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, एक डोंगल और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपित एक और बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 01 अगस्त की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला बाइक सवार बदमाशों की चेन स्नेचिंग का शिकार हो गई थीं। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद मुख्य आरोपितों की पहचान कर ली।

पुलिस को 03 अगस्त की रात सूचना मिली कि तीन संदिग्ध एक जर्जर क्वार्टर में जमा होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल (26), हरप्रीत सिंह उर्फ रितिक (26) और राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला (28) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से देसी लोडेड पिस्तौल, दो कारतूस, लूटी गई सोने की चेन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि छीनी गई चेन बिष्टुपुर के एक सोनार को बेच दी गई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और संबंधित व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर लूट की एक नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध चेन स्नेचिंग के मामले के साथ शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *