Home

जपला दुर्गा मंदिर में लाखों की चोरी, देवी-देवताओं के मुकुट व सोने-चांदी के आभूषण ले उड़ा चोर

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

पलामू। पलामू जिले के हुसैनाबाद शहर स्थित जपला रेलवे स्टेशन रोड के मां दुर्गा मंदिर में बुधवार देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं से मुकुट सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गया। घटना बुधवार रात करीब दो बजे की बताई जा रही है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

मंदिर के सामने लगे एक घर के सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक बैग लेकर मंदिर के मुख्य गेट के ऊपर बने खाली स्थान से अंदर प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।

7 से 8 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने का अनुमान

मंदिर के पुजारी आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि बुधवार शाम नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर को बंद किया गया था। गुरुवार सुबह मंदिर का पट खुलने पर देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से मुकुट सहित सभी कीमती आभूषण गायब मिले।

उन्होंने बताया कि चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *