मानगो-उलीडीह में 12 दुकानों में चोरी का खुलासा, चार आरोपित गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 16 जुलाई । मानगो और उलीडीह थाना क्षेत्र में एक ही रात 12 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजारों के साथ चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि बदमाशों ने मानगो और उलीडीह क्षेत्र की अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़कर सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरों ने जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर तथा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर, गीतांजली स्टोर समेत कुल 12 दुकानों को निशाना बनाया। एक ही रात में लगातार हुई चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत फैल गई थी और उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी।
दुकानदारों की लिखित शिकायत के आधार पर उलीडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व तथा पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार की निगरानी में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शंकर हेम्ब्रम (25), मुकदर सामद (34), गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू (19) और विक्की मुखी (24) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान सभी आरोपितों ने मानगो और उलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़, लोहे का रॉड (साबल), चैन पुली तथा चोरी की एक सिलाई मशीन बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित इन्हीं औजारों की मदद से दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दयानंद कुमार ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में मुख्य आरोपित शंकर हेम्ब्रम के विरुद्ध पहले से चोरी के दो आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
