रांची

हमारी चुनावी प्रक्रिया को शक की निगाह से देख रहा विश्व : केशव महतो कमलेश

रांची : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया है कि भारत की चुनावी प्रक्रिया पर अब विश्व समुदाय शक की निगाह से देख रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर मताधिकार की चोरी कर रही है, जिससे लोकतंत्र की नींव हिल रही है।

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कमलेश ने कहा कि संविधान ने हर नागरिक को समान मतदान अधिकार दिया है, लेकिन भाजपा इस अधिकार को छीन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा सवाल उठाने पर नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।

कमलेश ने कहा, “राहुल गांधी ने सबूत के साथ वोट चोरी का खुलासा किया, लेकिन चुनाव आयोग शपथ पत्र मांग रहा है। यह लोकतंत्र का मजाक है।” उन्होंने चुनाव आयोग से इलेक्ट्रॉनिक वोटर लिस्ट और मतदान का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके।

उन्होंने कहा कि साफ-सुथरी वोटर लिस्ट स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की नींव है, लेकिन इस अधिकार पर डाका डाला जा रहा है। “वोट चोरी के खिलाफ जनता को खड़ा होना होगा और लोकतंत्र बचाने के लिए संघर्ष करना होगा,” उन्होंने जोड़ा।

कमलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में संवैधानिक संस्थाएं कैद कर ली गई हैं और कुछ लोगों के सहारे देश की शासन-व्यवस्था तानाशाही तरीके से चलाई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *