साहिबगंज

चलते-चलते धधक उठी गाड़ी, साहिबगंज में ड्राइवर और खलासी ने कूदकर जान बचाई

हाइवा

Sahibganj : जिले के बोरियो थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर डुमरिया गांव के पास चलती हाइवा में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक और खलासी ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।

कैसे लगी आग
मिली जानकारी के मुताबिक, बीआर 10GB 7652 नंबर की हाइवा स्टोन चिप्स लोड कर बोरियो की ओर जा रही थी। इसी दौरान डुमरिया के पास गाड़ी के केबिन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक चंदन मंडल और उसका खलासी तुरंत गाड़ी से कूद गए। कुछ ही पलों में पूरी हाइवा आग की लपटों में घिर गई।

देखते ही देखते जलकर राख हुई गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। स्थानीय लोगों ने अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

दमकल पहुंची, तब काबू में आई आग
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद पुलिस जली हुई गाड़ी को सड़क से हटाने में जुट गई।

डेढ़ घंटे तक जाम, लोगों को हुई परेशानी
हादसे के बाद बोरियो-तीनपहाड़ मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। आग बुझने के बाद ही धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

दमकल की देरी पर लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों ने दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई। हालांकि, समय रहते चालक और खलासी के कूद जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *