घाटशिला उपचुनाव के लिए मतदान दलों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुरू
पूर्वी सिंहभूम, 31 अक्टूबर । जिले के 45- घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन–2025 को लेकर मतदान दलों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुक्रवार को शुरू हुआ।
महिला विश्वविद्यालय, सिदगोड़ा में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार किया जा रहा है। पहले दिन प्रिजाइडिंग ऑफिसर (पीओ) और प्रथम मतदान अधिकारी (पी1) को प्रशिक्षण दिया गया था, जबकि शुक्रवार को दूसरे दिन द्वितीय (पी2) और तृतीय मतदान अधिकारी (पी3) को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया लोकतंत्र का सबसे मजबूत स्तंभ है, इसलिए प्रत्येक कर्मी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या असावधानी की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक मतदान कर्मी को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को यह भी कहा कि प्रशिक्षण सत्र में अपनी सभी शंकाओं का समाधान अवश्य कर लें ताकि मतदान के दिन किसी तरह की समस्या उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया, जिसमें मशीन के संचालन, मॉक पोल, सीलिंग और पैकिंग की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। मतदान से संबंधित विभिन्न फॉर्मों को भरने, सील करने और लिफाफों की पैकिंग की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही पीआरओ और आईएलएमएस ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे मतदान दिवस पर रिपोर्टिंग, उपस्थिति दर्ज करने और अन्य संचार कार्यों में सुगमता बनी रहे।
