खाटूनरेश का सावन सिंधारा उत्सव धूमधाम से मनाया गया
श्याम मंदिर में बाबा का केसर-चंदन तिलक श्रृंगार, विशेष भोग और प्रसाद का हुआ वितरण
रांची, 14 अगस्त। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को बाबा श्री श्याम का सावन सिंधारा उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह पांच बजे मंदिर के पट खुले और 5:30 बजे मंगला आरती हुई। इसके बाद मंडप के पर्दे लगाकर बाबा श्री श्याम का श्यामल रूप में विशेष श्रृंगार किया गया।
हरियाली अमावस्या के बाद से बाबा श्री श्याम भक्तों को श्यामल स्वरूप में दर्शन दे रहे हैं। सुबह 8:30 बजे श्रृंगार आरती और दोपहर 12:15 बजे विश्राम आरती के बाद बाबा के विशेष तिलक श्रृंगार की तैयारियां की गईं।
मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका ने अपने हाथों से बाबा के तिलक श्रृंगार के लिए केसर-चंदन तैयार किया। दोपहर बाद मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका एवं कोषाध्यक्ष मनोज खेतान के सानिध्य में बाबा का केसर-चंदन तिलक श्रृंगार संपन्न हुआ।
खाटूधाम की परंपरा के अनुसार बाबा श्री श्याम को नवीन पोशाक और बागा पहनाया गया। कोलकाता से मंगाई गई मोती, गुलाब और तुलसीदल की आकर्षक मालाओं से बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। शाम पांच बजे के बाद भक्तों के लिए दर्शन खोले गए। बाबा के श्यामल स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और ‘हारे के सहारे की जय’ तथा ‘खाटूनरेश की जय’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
सावन सिंधारा उत्सव के अवसर पर कोषाध्यक्ष मनोज खेतान की ओर से बाबा को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान और नमकीन का विशेष भोग लगाया गया। इसके बाद भक्तों के बीच विशेष प्रसाद का वितरण किया गया। शाम सात बजे ग्वाल आरती हुई।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, उपाध्यक्ष अशोक लाडिया, महामंत्री गौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, कार्यकारिणी सदस्य राजेश ढांढनीया समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
15 अगस्त को होगा झंडोत्तोलन
हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 15 अगस्त को सुबह 9 बजे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन किया जाएगा।
शाम पांच बजे 212वां श्री श्याम भंडारा
श्री श्याम मंदिर में शनिवार, 15 अगस्त को शाम पांच बजे से 212वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने धर्मप्रेमी बंधुओं से भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। यह जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।
