Home

रामगढ़ में शुरू हुआ ‘प्रहरी’ अभियान, अड्डेबाजी से नशे के कारोबार तक पुलिस की पैनी नजर

Ramgarh : रामगढ़ जिले में अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रामगढ़ पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। गुरुवार 14 मई 2026 को रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत ने ‘प्रहरी’ अभियान की शुरुआत की। इस पहल का मकसद सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी है। अब जिले में पुलिस की मौजूदगी पहले से ज्यादा नजर आएगी। सड़कों पर पैदल गश्ती होगी, अड्डेबाजी करने वालों पर कार्रवाई होगी और जगह-जगह एंटी क्राइम चेकिंग भी चलेगी।

तीन हिस्सों में काम करेगा ‘प्रहरी’ अभियान

रामगढ़ एसपी ने इस अभियान को तीन हिस्सों में बांटा है। इसमें पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग शामिल है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान पूरे जिले में तय प्लान के तहत चलाया जाएगा।

अब हफ्ते में दो दिन सड़कों पर पैदल उतरेगी पुलिस

‘प्रहरी’ अभियान के तहत जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारी और जवान हफ्ते में कम से कम दो दिन पैदल गश्ती करेंगे। इसका मकसद सिर्फ गश्त करना नहीं, बल्कि उन जगहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना है जहां अक्सर छेड़छाड़, अड्डेबाजी, ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग और भीड़भाड़ की समस्या रहती है। पुलिस ने ऐसे 76 संवेदनशील रूट चिह्नित किए हैं, जहां यह पैदल गश्ती होगी। इनमें बाजार, स्कूल-कॉलेज के आसपास के इलाके, भीड़भाड़ वाले स्थान और वे जगहें शामिल हैं जहां से लोगों की शिकायतें मिलती रही हैं। एसपी ऑफिस की ओर से हर महीने इन रूट्स का चार्ट जारी किया जाएगा ताकि गश्ती व्यवस्थित तरीके से हो सके। जरूरत पड़ने पर नगर परिषद, छावनी परिषद और दूसरे विभागों का सहयोग भी लिया जाएगा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस निरीक्षक भी खुद मैदान में उतरकर इस अभियान की निगरानी करेंगे।

अड्डेबाजों और नशे के कारोबार पर रहेगा फोकस

रामगढ़ पुलिस ने जिले में 114 ऐसे स्थानों की पहचान की है, जहां अड्डेबाजी, नशे का सेवन या खरीद-बिक्री जैसी गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। इन जगहों को पांच अलग-अलग क्लस्टर में बांटा गया है। हर क्लस्टर में छापेमारी के लिए अलग टीम बनाई गई है। इन टीमों में थाना पुलिस, गश्ती दल, पीसीआर और पैंथर मोबाइल की टीम शामिल रहेगी। पुलिस का साफ कहना है कि अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो उनका नाम गुंडा पंजी में भी दर्ज किया जाएगा। अगर किसी इलाके में अड्डेबाजी की सूचना है तो आम लोग सीधे रामगढ़ पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 9262998529 पर जानकारी दे सकते हैं।

दिन में तीन बार होगी एंटी क्राइम चेकिंग

अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने बड़ा प्लान बनाया है। जिले में 69 जगहों को एंटी क्राइम चेकिंग के लिए चिह्नित किया गया है। इन्हें A, B और C प्लान में बांटा गया है। इन जगहों पर बाइकर्स, रैश ड्राइविंग, संदिग्ध गतिविधियों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक के आदेश के मुताबिक दिन में कम से कम तीन बार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस चेकिंग में थाना पुलिस, पीसीआर, गश्ती दल और पैंथर मोबाइल की टीम शामिल रहेगी।

जनता का सहयोग जरूरी

रामगढ़ पुएसपी का कहना है कि ‘प्रहरी’ सिर्फ पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने इलाके की समस्याओं, अड्डेबाजी या सुरक्षा से जुड़ी जानकारी व्हाट्सएप नंबर 9262998529 पर साझा करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

9262998529

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *