रांची

भारत विकास परिषद रामगढ़ की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, 51 निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग का संकल्प

रामगढ़, 26 अगस्त । थाना चौक स्थित रोटरी हॉल के सभागार में बुधवार को भारत विकास परिषद रामगढ़ का छठा पदस्थापना एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत निवृत्ति गुप्ता ने गणेश वंदना के साथ की। मंच संचालन उमेश राजगढ़िया ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, विशिष्ट अतिथि दक्षिण झारखंड प्रांत के महासचिव अरुण कुमार मिश्रा और प्रांतीय संपर्क सचिव नवीन पाठक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रांतीय महासचिव अरुण कुमार मिश्रा ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

नई कार्यकारिणी में अनिल कुमार गोयल को अध्यक्ष, सचिन अग्रवाल, मनमोहन सिंह लांबा और आलोक रतन चौधरी को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं प्रदीप कुमार शर्मा को सचिव, आलोक अग्रवाल को सह सचिव, निलेश गुप्ता को कोषाध्यक्ष और प्रकाश अग्रवाल को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

सलाहकार समिति में गोविंद मेवाड़, उमेश राजगढ़िया और अनमोल सिंह को शामिल किया गया, जबकि अमित साहू को मीडिया प्रभारी बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्यों में भरत गोयल, विकास अग्रवाल, रोहित पंसारी और आयुष अग्रवाल को शामिल किया गया।

51 निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग का संकल्प

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार गोयल ने सामाजिक सेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण संकल्पों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि परिषद की ओर से कम से कम 51 निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग और आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

उन्होंने शहर में कम से कम 101 कल्पवृक्ष के पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद केवल एक संगठन नहीं है, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है।

समारोह के दौरान भारत विकास परिषद रामगढ़ में पांच नए सदस्यों को भी शामिल किया गया। निशा जैन, प्रीति सिंह, सत्येंद्र सिंह, सीटू सलूजा और दीपक अग्रवाल को प्रांतीय महासचिव अरुण कुमार मिश्रा ने परिषद की शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि विधायक रोशन लाल चौधरी ने भारत विकास परिषद के सेवा और सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में और अधिक सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा जताई।

समारोह में विशाल अग्रवाल, दीपक खंडेलवाल, अखिलेश सिंह, हरीश कुमार चौधरी, राजू अग्रवाल, देवांशु शाह, नेहा अग्रवाल, नीरू गोयल, अवध किशोर सिंह, अमरनाथ झा, अमलेन्दु कुमार, संतोष चावला, धीरज कुमार पाठक, विनोद जायसवाल, विजेता, राजकुमार अग्रवाल सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *