कुर्मी समाज को एसटी दर्जा देने से रोक रही है हेमंत सरकार : देवेंद्रनाथ महतो

Ranchi : राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में रविवार को कुर्मी समाज की बड़ी जनसभा हुई। इस सभा में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने खुलकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार कुर्मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति यानी एसटी सूची में शामिल करने की मांग पर अड़ंगा लगा रही है। देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि कुर्मी समाज लंबे समय से अपने अधिकार और पहचान की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार जानबूझकर समाज को संगठित होने से रोकने की कोशिश कर रही है।
अधिकार की लड़ाई, किसी के खिलाफ नहीं
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी जाति या समाज के खिलाफ नहीं है। यह सिर्फ अपने हक और पहचान की मांग है। कुर्मी समाज चाहता है कि उसे एसटी सूची में शामिल किया जाए और कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में जगह मिले। उन्होंने कहा कि यह मांग नई नहीं है। सालों से यह मुद्दा उठता रहा है, लेकिन हर बार आश्वासन देकर बात टाल दी जाती है। अब समाज ने तय कर लिया है कि जब तक ठोस पहल नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
पारंपरिक वेशभूषा में दिखी एकजुटता
प्रभात तारा मैदान में सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे थे। कई लोग पारंपरिक वाद्ययंत्र लेकर आए थे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साह से भरा हुआ था। सभा स्थल पर जगह कम पड़ती दिखी। लोगों में साफ तौर पर जोश नजर आ रहा था। वक्ताओं के समर्थन में नारे भी लगाए गए।
18 संगठनों ने निभाई अहम भूमिका
इस जनसभा को सफल बनाने में कुर्मी समाज से जुड़े 18 संगठनों की अहम भूमिका रही। सभी संगठनों ने मिलकर लोगों को एक मंच पर लाने का काम किया। आयोजकों का कहना था कि यह सिर्फ शुरुआत है और आगे भी आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सभा में शीतल अहदार, नागेंद्र महतो, लम्बोदर महतो, जयमुनी महतो, सुषमा देवी और पार्वती देवी सहित हजारों की संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि, महिलाएं, युवा और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
