Home

राउरकेला से सिमडेगा तक गांजा सप्लाई का खेल फेल, तीन तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

Simdega : जिले के बांसजोर ओपी क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 28 किलो गांजा, एक कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि राउरकेला से सिमडेगा की ओर एक कार के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही है। इसके बाद एसपी के निर्देश पर टीम गठित कर अभियान चलाया गया।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी

जांच के दौरान रायबोगा भुकुमुंडा के पास संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक वाहन तेज गति से भगाने लगा। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।

14 पैकेट गांजा बरामद

तलाशी के दौरान कार से भूरे टेप में लिपटे 14 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 27.998 किलोग्राम पाया गया। साथ ही एक होंडा सिटी कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

दूसरे राज्यों से जुड़े तस्कर

गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल और बिहार के तस्कर शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि गांजा को राउरकेला से लाकर अलग-अलग जगहों तक पहुंचाने की योजना थी।

तीनों आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने अभिषेक कुमार साव, राहुल कुमार सिंह और अर्पणा मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *