Home

नशीला खाना खिलाकर लूट ली कार, चालक को बेहोश छोड़ भागे बदमाश

Khunti : खूंटी जिले में कार लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ओडिशा से कार बुक कर निकलने वाले दो अपराधियों ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और कार लेकर फरार हो गए। घायल चालक को पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

ओडिशा से बुक कराई थी कार

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के अंगुल जिले के डेराजंगा, जरापाड़ा इलाके से दो लोगों ने एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए अर्टिका कार बुक की थी। चालक दुश्मंता साहू को बताया गया कि उन्हें रांची से करीब 30 किलोमीटर आगे जाना है और वहां से परिवार के लोगों को लेकर वापस लौटना है।

रांची पहुंचने के बाद रची साजिश

चालक उन्हें लेकर रांची पहुंचा। यहां रिंग रोड स्थित दलादिली चौक के पास एक होटल से मीट-भात पैक कराया गया और दूसरी दुकान से मिठाई खरीदी गई। इसके बाद तीनों खूंटी की ओर निकल गए। चुकरू मोड़ के पास तीनों एक पेड़ के नीचे बैठकर खाना खाने लगे। खाना खाने के कुछ देर बाद जैसे ही चालक कार में बैठा, वह अचानक बेहोश हो गया। इसके बाद उसे कुछ भी याद नहीं है।

पिटाई कर मृत समझ छोड़ गए

आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने चालक के बेहोश होने के बाद उसकी पिटाई की और उसे मृत समझकर सड़क किनारे छोड़ दिया। इसके बाद वे कार लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बेहोश पड़े चालक को देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खूंटी थाना पुलिस ने चालक को उठाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ड्राइवर संघ भी पहुंचा

घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड राज्य ड्राइवर संघ सक्रिय हो गया। संघ के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम खूंटी पहुंची है, जिसमें आकाश सिंह, अजय सिंह, सुनील प्रजापति और सूरज मुंडा शामिल हैं। टीम अस्पताल पहुंचकर घायल चालक का हालचाल लेने के साथ पुलिस से भी संपर्क कर रही है। खूंटी के पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *