विदाई से पहले दुल्हन ने डाला वोट, शादी के लाल जोड़े में पहुंची बूथ

Seraikela : सरायकेला में चुनाव के दिन कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। मदन मुखी की बेटी कुमकुम मुखी, जिनकी आज शादी और विदाई की रस्में थीं, उन्होंने अपनी विदाई की तैयारियों के बीच मतदान केंद्र का रुख किया और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
दुल्हन का जोड़ा और मतदान का उत्सव
वार्ड नंबर 5 के मतदान केंद्र, उत्क्रमित मध्य विद्यालय इन्द्रटांडी पर जब कुमकुम मुखी दुल्हन के जोड़े में पहुंचीं, तो वहां मौजूद लोग चकित रह गए। शादी की तैयारियों की हलचल और विदाई की गहमागहमी के बीच भी उन्होंने लोकतंत्र को अपनी प्राथमिकता समझा।
परिवार का साथ और प्रेरक संदेश
इस खास मौके पर उनके साथ उनके पिता मदन मुखी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। यह नजारा ना सिर्फ मतदान की महत्ता को दर्शाता है, बल्कि युवाओं और आम लोगों के लिए एक प्रेरक संदेश भी देता है कि चाहे जिंदगी के बड़े मौके हों, लोकतंत्र में हिस्सा लेना सबसे जरूरी है।
