रांची

स्मार्ट सिटी परिसर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या-आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच जारी

रांची, 07 जुलाई । राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस मामले की हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान धुर्वा सेक्टर-3, थेथरकोचा निवासी सूरज नायक के रूप में हुई है। घटनास्थल के समीप एक ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात स्मार्ट सिटी रोड से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। मृतक के परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *