Home

भाजपा ने एसआईआर में अनियमितता को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की जांच की मांग

रांची, 01 जुलाई : झारखंड भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) अभियान में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने पश्चिमी सिंहभूम जिले में बीएलओ द्वारा मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले थैले के इस्तेमाल तथा जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर दर्ज होने का आरोप लगाया है।

भाजपा की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग को दो अलग-अलग पत्र भेजे हैं। पहले पत्र में कहा गया है कि 30 जून से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले थैले का उपयोग किया जा रहा है।

भाजपा ने इसे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता के दृष्टिकोण से गंभीर मामला बताते हुए कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग एक स्वायत्त संवैधानिक संस्था है और उसकी सभी गतिविधियां पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए। पार्टी ने पूरे मामले की जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

दूसरे पत्र में भाजपा ने जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-176 पर कई मतदाताओं के नाम एक ही बूथ पर एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित मतदाताओं के दो-दो मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर होने की जानकारी मिली है, जो निर्वाचन नियमों के अनुरूप नहीं है।

भाजपा ने निर्वाचन आयोग से इस मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। पार्टी का दावा है कि शिकायत पत्र के साथ दोनों मामलों से संबंधित दस्तावेजी प्रमाण भी संलग्न किए गए हैं।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *