खूंटी

बिरसा जयंती पर 17-18 नवंबर को होगा बिरसा मुंडा फुटबॉल टूर्नामेंट

खूंटी, 21 सितंबर । बिरसा जयंती के अवसर पर बिरसा मुंडा स्टेडियम, बिरसा कॉलेज परिसर खूंटी में द्वितीय बिरसा मुंडा फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आयोजन 17 और 18 नवंबर को किया जाएगा। ग्रीन हिल प्रोजेक्ट और जेजेकेएस खूंटी के सौजन्य से होने वाली दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी।

आयोजन समिति के बसंत सुरीन ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए प्रवेश शुल्क 21 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। टूर्नामेंट में कुल 2.70 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेता टीम को 1.20 लाख रुपये, उपविजेता को 90 हजार रुपये तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 30-30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के नियम लागू होंगे। आयोजकों के अनुसार, टीम में केवल स्वदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकेगा। टूर्नामेंट को लेकर बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में अभ्यास और अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। ग्रीन हिल प्रोजेक्ट खूंटी के बसंत सुरीन ने बताया कि टूर्नामेंट की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

इस अवसर पर मानसिंह मुंडा, जितेन सोय, सोमा मुंडा, आरिफ टोपनो, आनंद कोनगाड़ी सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *