डोरंडा थानेदार दीपिका प्रसाद के समर्थन में खुलकर सामने आया एसोसिएशन

Ranchi : डोरंडा थाना में बीते कुछ दिनों से पुलिस और अधिवक्ता के बीच हुए विवाद के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन खुलकर पुलिस प्रशासन और डोरंडा थानेदार के समर्थन में सामने आया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट कहा है कि कानून के तहत की गई कार्रवाई को गलत तरीके से पेश कर पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि संबंधित मामले में थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद और उनकी टीम ने विधिसम्मत कार्रवाई की थी। वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर बनाई जा रही धारणा को भ्रामक बताते हुए एसोसिएशन ने कहा कि पुलिसकर्मी कानून के दायरे में रहकर अपना कर्तव्य निभा रहे थे।
पुलिस मनोबल गिराने की कोशिश का आरोप
पुलिस पदाधिकारियों, विशेषकर महिला पुलिस पदाधिकारी, के साथ अभद्र व्यवहार और दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसे पुलिस बल के मनोबल को कमजोर करने वाला कृत्य बताया गया है। एसोसिएशन ने कहा कि इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकती हैं। डोरंडा थानेदार के समर्थन में एसोसिएशन ने कहा कि थाना स्तर पर कार्यरत पदाधिकारी सीमित संसाधनों में भी दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं। ऐसे में उन पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाना और दबाव बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
तीन दिन काला बिल्ला लगाकर विरोध
घटना के विरोध में झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची शाखा ने तीन दिनों तक काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने का निर्णय लिया है। यह विरोध प्रदर्शन पुलिसकर्मियों की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए किया जा रहा है। एसोसिएशन ने यह भी संकेत दिया है कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। साथ ही राज्य स्तर पर भी इस मुद्दे को उठाने की बात कही गई है।
निष्पक्ष जांच की मांग
पुलिस एसोसिएशन ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, ताकि तथ्य सामने आ सकें और किसी भी तरह की भ्रांति दूर हो सके। उनका कहना है कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
