रांची

महेश मुंडा पर लगे आरोप निराधार, बिना सबूत कार्रवाई बर्दाश्त नहीं : पुलिस एसोसिएशन

पुलिस


जमीन विवाद से जुड़ा मामला, जांच में आरोपों में पाया गया विरोधाभास
केस दर्ज कराने के दबाव और नारेबाजी पर एसोसिएशन ने जताई आपत्ति

Ranchi : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने एसटी/एससी थाना प्रभारी महेश मुंडा पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया है। रविवार को लाइन टैंक रोड स्थित एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की जांच में आरोप सही नहीं पाए गए हैं। इसके बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जो गलत है।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, बंदी खलखो नामक महिला ने एसटी/एससी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि 2 जनवरी 2025 को वह अपनी जमीन पर खेती करने गई थीं। इसी दौरान प्रमोद साह और अनीता देवी ने उनके साथ जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट की।

जांच में सामने आई सच्चाई
मामले की जांच एसटी/एससी थाना के एसआई महेंद्र बाड़ा ने की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी बताए गए प्रमोद साह और उनकी पत्नी अनीता देवी की उम्र करीब 70 वर्ष है। दोनों ने कहा कि वे बंदी खलखो को नहीं जानते और न ही कभी उनसे मिले हैं। वहीं, पूछताछ में बंदी खलखो ने प्रमोद साह की उम्र करीब 35 वर्ष बताई और यह भी कहा कि उनकी उनसे कभी मुलाकात नहीं हुई। जांच में बयानों में विरोधाभास पाए जाने पर थाना प्रभारी ने केस दर्ज नहीं किया।

केस दर्ज कराने को लेकर बढ़ा दबाव
एसोसिएशन का आरोप है कि 5 फरवरी को बंदी खलखो महिला अधिवक्ता सविता कुजूर और अन्य महिला अधिवक्ताओं के साथ थाना पहुंचीं और केस दर्ज करने का दबाव बनाया। थाना प्रभारी ने महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरे तथ्य बताए, लेकिन इसके बाद भी दबाव जारी रहा। 6 फरवरी को करीब 50 और 7 फरवरी को 10-15 अधिवक्ताओं ने एसटी/एससी थाना के बाहर नारेबाजी की।

पुलिस एसोसिएशन की चेतावनी
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि बिना सबूत के किसी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच पूरी हुए बिना थाना प्रभारी या अन्य कर्मियों पर कार्रवाई होती है तो एसोसिएशन विधि सम्मत कड़ा कदम उठाएगी। उन्होंने रांची बार एसोसिएशन से भी अपील की कि वे अपने स्तर से मामले की जांच करें। यदि कोई अधिवक्ता दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में वरीय उपाध्यक्ष मो. महताब आलम, उपाध्यक्ष रोहित रजक, संयुक्त सचिव संतोष कुमार महतो, रांची शाखा अध्यक्ष आनंद राज खलखो, सचिव देवताचरण उपाध्याय, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार, वितंतु शाखा अध्यक्ष रजनीश कुमार, प्रक्षेत्रीय मंत्री भागवत मुर्मू और केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्यारेलाल साहू समेत कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *