खेलरांची

17 जुलाई से शुरू होगी 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने जारी किया विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी), रांची ने सत्र 2026–27 के राज्य स्तरीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित खेल कैलेंडर के अनुसार 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 21 जुलाई, 2026 तक खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, रांची में होगा।

प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर परिषद ने सभी प्रमंडलों के विजेता जिलों को निर्देश दिया है कि वे अपनी विजेता टीमों को 16 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे तक बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम स्थित रजिस्ट्रेशन हॉल में अनिवार्य रूप से रिपोर्ट कराएं। इस दौरान खिलाड़ियों का पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सभी प्रमंडलों की विजेता टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को राष्ट्रीय स्तर की सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

परिषद द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 जुलाई, 2026 तक तथा राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 जुलाई, 2026 तक किया जाएगा।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला शिक्षा अधीक्षकों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षित, समयबद्ध एवं सफल सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *