रांची

राज्य स्तरीय 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज़ आज से, पांच प्रमंडलों की टीमें खिताब के लिए तैयार

रांची, 16 जुलाई। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 जुलाई से रांची के खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में होगा। 17 से 21 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रतियोगिता में राज्य के पांचों प्रमंडलों का प्रतिनिधित्व कर रही विजेता जिला टीमें हिस्सा लेंगी। गुरुवार से टीमों का रांची आगमन शुरू हो गया। अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक तथा अंडर-17 बालिका वर्ग में पांचों प्रमंडलों की कुल 15 टीमें राज्य चैंपियन बनने के लिए मैदान में उतरेंगी।

प्रतियोगिता का आयोजन लीग-कम-नॉकआउट प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों के लिए खेलगांव परिसर में आवास, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के मुकाबले खेलगांव प्रैक्टिस मैदान, जैप-1 डोरंडा तथा बीआईटी मेसरा के मैदानों में खेले जाएंगे।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता विद्यालयी खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्हें विश्वास है कि इस प्रतियोगिता से चयनित टीमें राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का गौरव बढ़ाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए तकनीकी अधिकारियों, रेफरी, आयोजन समिति तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का आयोजन खेल भावना, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक वर्ग की विजेता टीम आगामी राष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। 17 से 21 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य की सर्वश्रेष्ठ विद्यालयी फुटबॉल प्रतिभाएं अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए खिताब के लिए जोरदार मुकाबला करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *