श्री श्याम मंदिर में 207वां श्री श्याम भंडारा सम्पन्न, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
हरमू रोड स्थित मंदिर में गूंजे बाबा श्याम के भजन, 7 जुलाई को होगा श्री सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ
रांची। श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शनिवार को 207वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। भंडारा मनोज अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, मयंक अग्रवाल एवं राहुल अग्रवाल के परिवार की ओर से निवेदित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर बाबा श्री श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भोग-भजन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
भंडारे के दौरान मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, महामंत्री गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा तथा यजमान परिवार ने संयुक्त रूप से बाबा श्री श्याम के भोग-भजन प्रस्तुत किए। “आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी” भजन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
सर्वप्रथम बाबा श्री श्याम को भोग अर्पित कर महाप्रसाद में मिलाया गया। इसके बाद यजमान परिवार ने मंदिर के आचार्यों को भोजन प्रसादी ग्रहण कराई। परंपरा के अनुसार भंडारे का एक भाग प्रत्येक शनिवार गौशाला में गौमाता के लिए भी भेजा गया।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
भंडारे के दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हरमू रोड पर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और “खाटू नरेश की जय” तथा “श्री गणेश महाराज की जय” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
महाप्रसाद में श्रद्धालुओं के लिए इडली, उपमा, चटनी, केसरिया जलेबी, आइसक्रीम, खीर और चूरमा का प्रसाद वितरित किया गया।
50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने निभाई जिम्मेदारी
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, श्यामसुंदर शर्मा, अन्नपूर्णा सरावगी, अनुज मोदी, आशीष डालमिया, विनय राज भाटिया, अंकित सिंह, कमलेश सावा, संकेत चौधरी, ऋषभ चौरसिया, हर्ष मिश्रा, हिमांशु केशरी, मनोज खेतावत, उपेंद्र पांडे सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
7 जुलाई को होगा श्री सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ
मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि 7 जुलाई (मंगलवार) को शाम 4:30 बजे श्री श्याम मंदिर, हरमू रोड में 211वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की।
