रांची

श्री श्याम मंदिर में 205वां श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ संपन्न

रांची : श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 205वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। “राम सिया राम सिया राम जय जय राम” के संगीतमय गायन एवं बजरंग बली के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया द्वारा सुनील मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करवाकर की गई। इस अवसर पर मोदी परिवार ने बालाजी महाराज को केसरिया पेड़ा, गुड़, चना एवं फल प्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके बाद सुनील मोदी ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पाठ वाचक मनीष सारस्वत एवं ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक और ढपली की मधुर धुनों पर श्री गणेश वंदना के साथ श्री हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ किया। इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ किया गया। कार्यक्रम के दौरान भक्तजन हनुमान जी महाराज की भक्ति में लीन नजर आए तथा बीच-बीच में भजनों का भी गायन किया गया।

श्री सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद पुनः श्री हनुमान चालीसा का पाठ एवं महाआरती की गई। तत्पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर श्रवण ढानढनिया एवं श्याम नारसरिया ने चना प्रसाद सेवा, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा सेवा, मनीष साहू ने गिरिगोला सेवा तथा राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद सेवा प्रदान की।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़ियां, हर्ष कृष्णा, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम की जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *