रांची के गोकुलधाम परिसर में 16-17 नवंबर को मनेगा 122वां श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव
रांची, 14 नवंबर । रांची गौशाला न्यास की ओर से आगामी 16 और 17 नवंबर को हरमू रोड स्थित गोकुलधाम परिसर में 122वां श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव के कार्यक्रमों से संबंधित पोस्टर जारी कर दिए गए हैं। यह जानकारी न्यास के प्रवक्ता मनीष लोधा ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।
मनीष लोधा ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। न्यास के मंत्री प्रदीप राजगढ़िया और संयोजक मनीष लोधा ने बताया कि 16 नवंबर को दोपहर एक बजे से कथावाचक ग्वालसंत गौ-महिमा और गौ-सेवा पर कथा एवं सत्संग प्रस्तुत करेंगे।
17 नवंबर को सुबह 7:30 बजे गणेश पूजन और गौ-पूजन होगा। सुबह आठ बजे से तुलादान की व्यवस्था रहेगी। दोपहर तीन से शाम 5:30 बजे तक बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शाम छह बजे दानदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शाम 6:30 बजे गोवर्धन, मथुरा से आए राजेश प्रसाद शर्मा और उनकी टीम की ओर से भजन एवं श्रीकृष्ण रासलीला प्रस्तुत की जाएगी। गौभक्तों की सुविधा के लिए रांची के 12 स्थानों पर भी सुबह सात से दस बजे तक गाय-बछड़े के साथ गौ-पूजन की व्यवस्था की गई है। न्यास के अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार ने शहरवासियों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होकर गौ-सेवा और गौ-पूजन करने की अपील की है।
