खूंटी

विधायक सुदीप गुड़िया की पहल से गुजरात में बिछड़ा युवक सकुशल लौटा घर

खूंटी, 04 जुलाई । मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित पहल का परिचय देते हुए तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया के सहयोग से खूंटी जिले के पिडुल गांव निवासी सुरेश स्वांसी सकुशल अपने घर लौट आए हैं। उनकी सुरक्षित घर वापसी से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, सुरेश स्वांसी रोजगार की तलाश में गुजरात गए थे। यात्रा के दौरान उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई, जिसके कारण वह अपने साथियों से बिछड़ गए। साथियों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी सुरेश के परिजनों को दी, जिससे परिवार गहरी चिंता में डूब गया।

कुछ समय बाद सुरेश के गुजरात में होने की सूचना मिली। हालांकि आर्थिक तंगी के कारण परिवार उन्हें वापस लाने में असमर्थ था। ऐसे में परिजनों ने तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया से सहायता की अपील की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने तत्काल संबंधित कंपनी के सुपरवाइजर और प्रबंधन से संपर्क कर सुरेश की तलाश करने तथा उनके मिलने पर परिजनों के पहुंचने तक सुरक्षित देखभाल की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। विधायक की पहल के बाद सुरेश का पता चल गया और उन्हें सुरक्षित रखा गया।

इसके बाद विधायक ने सुरेश के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई, जिससे वे गुजरात जाकर उन्हें अपने साथ वापस ला सके। शनिवार को सुरेश सकुशल खूंटी पहुंचे। उनकी घर वापसी से परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली और पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया।

सुरेश के परिजनों ने विधायक सुदीप गुड़िया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशीलता, त्वरित हस्तक्षेप और समय पर मिली आर्थिक सहायता के कारण ही सुरेश की सुरक्षित घर वापसी संभव हो सकी। स्थानीय लोगों ने भी विधायक की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की ऐसी संवेदनशील भूमिका समाज में विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करती है।————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *