मिल गये कोडरमा से गायब हुए दस बच्चे… जानें कहां

Koderma : कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र से लापता हुए 10 बच्चों को आखिरकार सकुशल बरामद कर लिया गया है। बच्चों के मिलने की खबर से जहां प्रशासन ने राहत की सांस ली है, वहीं परिवारों के चेहरे पर भी दोबारा मुस्कान लौट आई है। अंचलाधिकारी सारांश जैन ने शनिवार को बताया कि सभी बच्चे बिहार के गया स्थित एक चाइल्ड केयर सेंटर में सुरक्षित पाए गए हैं। गया से जिन बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, वे सभी बच्चे गड़ियाय बिरहोर टोला के ही रहने वाले हैं। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनकी काउंसलिंग की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
एक साथ 10 बच्चों के गायब होने से मचा था हड़कंप
खरियोडीह पंचायत के गड़ियाय बिरहोर टोला से जब एक साथ 10 बच्चों के लापता होने की बात सामने आई, तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। ग्रामीणों में डर और चिंता का माहौल था। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर इतने छोटे-छोटे बच्चे एक साथ कैसे गायब हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। बच्चों की सूचना देने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा भी की गई।
पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
जैसे ही बच्चों के गया में होने की सूचना मिली, प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार और जयनगर पुलिस बल गांव पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात की और पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाने के लिए विशेष टीम बनाई थी। लगातार प्रयास और समन्वय के बाद बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया।
अब बड़ा सवाल : बच्चे गया कैसे पहुंचे?
अब सबसे अहम सवाल यही है कि बच्चे कोडरमा से गया तक कैसे पहुंचे। क्या वे किसी के बहकावे में आए या खुद ही निकल पड़े? इस पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित गिरोह या मानव तस्करी जैसी आशंका तो नहीं। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है।
परिवारों ने ली राहत की सांस
बच्चों के सुरक्षित मिलने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवारों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। पिछले कुछ दिनों से जिन घरों में सन्नाटा पसरा था, वहां अब फिर से रौनक लौट आई है। प्रशासन ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की सच्चाई सामने लाकर ही दम लिया जाएगा।
