खेल

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : झारखंड ने सौराष्ट्र को 84 रन से हराया, ईशान किशन की धमाकेदार पारी

अहमदाबाद : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ग्राउंड–बी में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में झारखंड ने सौराष्ट्र को 84 रन के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। झारखंड की इस जीत के हीरो रहे कप्तान ईशान किशन, जिन्होंने मात्र 50 गेंदों में आकर्षक 93 रन ठोकते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने अपनी तूफानी पारी में 11 चौके और 3 छक्के जड़े।
इसके अलावा रॉबिन मिंज ने 28, अनुकूल रॉय ने 27 और विराट सिंह ने 20 रनों का योगदान दिया। सौराष्ट्र की ओर से चेतन सक्रिय ने 42 रन देकर 3 विकेट प्राप्त किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम झारखंड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.1 ओवर में ही 125 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रेरक मांकड़ ने 39 रन, जबकि रुचित और लक्की ने 20–20 रन बनाए।

झारखंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अनुकूल रॉय ने 25 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि सुशांत और अमित ने 2–2 विकेट हासिल किए।
इस जीत के साथ झारखंड ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *