जादू टोना के शक में मरवा डाला भाभी को, दो लाख में तय किया था मौत का सौदा

Ranchi : रांची पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। शुरुआत में यह मामला चूल्हे की आग से जलकर मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले आग से जलने की खबर, पोस्टमॉर्टम में खुला राज
पुलिस को 1 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के तालाडीह गांव में एतवारी कुमारी नाम की महिला की चूल्हे की आग में जलने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स, रांची भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। लेकिन 2 फरवरी को जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई, तो बड़ा खुलासा हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की मौत आग से नहीं, बल्कि सिर में गोली लगने से हुई थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद दर्ज हुआ हत्या का केस
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद मृतका के रिश्तेदार बुधू लोहरा के आवेदन पर तमाड़ थाना में कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराएं लगाई गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका एतवारी कुमारी, आरोपी सोनाराम लोहरा की भाभी थी। सोनाराम को शक था कि एतवारी कुमारी जादू-टोना जानती है और उसी ने उसके दो बच्चों को मार दिया है। इसी शक और गुस्से में उसने भाभी की हत्या की साजिश रची।
दो लाख में तय हुई सुपारी
इस साजिश में सोनाराम का साला अमित लोहरा भी शामिल था। अमित ने शूटर विष्णु महतो से संपर्क किया। दो लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय हुई। 1 फरवरी की शाम अमित लोहरा, शूटर विष्णु महतो और बबलू महतो उर्फ देव कुमार महतो के साथ तालाडीह गांव पहुंचे। घटना के वक्त पहले से ही गांव में सोनाराम लोहरा, सोमा लोहरा, लखीचरण मुंडा और कालीचरण लोहरा मौजूद थे। शूटर विष्णु महतो और बबलू महतो घर के अंदर घुसे और विष्णु महतो ने एतवारी कुमारी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को चूल्हे की आग में जला दिया, ताकि गोली लगने के निशान मिट जाएं और मामला हादसा लगे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ बुंडू के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम बनाई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तालाडीह, तमाड़ निवासी सोनाराम लोहरा (35 वर्ष), सोमा लोहरा (19 वर्ष), लखीचरण मुंडा (21 वर्ष) और कालीचरण लोहरा (24 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा नुरीडीह, तमाड़ निवासी अमित लोहरा (24 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं, राहे थाना क्षेत्र का रहने वाला विष्णु महतो (21 वर्ष), जिसका वर्तमान पता बुंडू, रांची बताया जा रहा है, को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पुलिस ने मामले में बरामद सामान में हत्या में इस्तेमाल एक देशी कट्टा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। इस पूरे अभियान में तमाड़, दशमफॉल थाना और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
