ग्रीष्मकालीन वुशु प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, खिलाड़ियों को मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन का संदेश
रांची, 1 जून। रांची जिला वुशु एसोसिएशन एवं झारखंड वुशु एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा मुंडा स्टेडियम स्थित वुशु हॉल में 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन वुशु प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।
शिविर का उद्घाटन झारखंड सेपक टकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय साहु ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने की सलाह देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर झारखंड वुशु एसोसिएशन के सचिव शैलेन्द्र दुबे, वुशु कोच दीपक गोप सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में रांची जिले के खिलाड़ियों के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वुशु खेल की विभिन्न तकनीकों, कौशल विकास तथा प्रतियोगिताओं की तैयारी से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
10 जून 2026 तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल को निखारना और उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों से शिविर का भरपूर लाभ उठाने और अपने खेल प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
