कोडरमा

प्राचार्य के निलंबन पर भड़कीं छात्राएं, बहाली की मांग को लेकर किया हंगामा

कोडरमा, 04 नवंबर। कोडरमा सदर प्रखंड स्थित सीडी बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को प्राचार्य शशि कुमार के निलंबन के विरोध में छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। निलंबन की खबर मिलते ही छात्राएं कक्षाओं से बाहर निकल आईं और विद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध का आलम यह रहा कि विद्यालय से बाहर निकल चुके प्राचार्य को छात्राएं पीछे दौड़कर सड़क से वापस विद्यालय परिसर में ले आईं। छात्राओं ने साफ कहा कि जब तक निलंबन का आदेश वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।

छात्राओं ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि शशि कुमार के प्राचार्य बनने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव आया है। पठन-पाठन में सुधार हुआ है और विद्यालय का माहौल भी बेहतर हुआ है। ऐसे में उनका निलंबन छात्राओं के हित में नहीं है। उन्होंने इसे अनुचित कार्रवाई बताते हुए तत्काल निलंबन वापस लेने की मांग की।

प्राचार्य को वापस लाने के लिए पीछे दौड़ीं छात्राएं

विद्यालय में विरोध प्रदर्शन के दौरान प्राचार्य शशि कुमार आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर बाहर निकलने लगे। इसी बीच छात्राओं ने मुख्य द्वार खोल दिया और उनके पीछे दौड़ पड़ीं। छात्राओं ने उन्हें सड़क पर रोक लिया और वापस विद्यालय परिसर में ले आईं। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। छात्राएं प्राचार्य को विद्यालय में ही रखने और उनका निलंबन आदेश वापस लेने की मांग करती रहीं।

तीन बार नोटिस के बाद हुई कार्रवाई : डीईओ

दूसरी ओर, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मुकुल राज ने निलंबन की कार्रवाई को विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि प्राचार्य शशि कुमार के खिलाफ विभागीय कार्यों में लगातार लापरवाही बरतने और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में उन्हें तीन बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनकी ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई की गई।

डीईओ ने कहा कि विभाग में इस तरह की कार्रवाई प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। छात्राओं का इस तरह उग्र होकर विरोध करना उचित नहीं है। उन्होंने स्वयं विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से बातचीत करने और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराने की बात कही।

इधर, विद्यालय में हंगामे की सूचना मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और वापस विद्यालय के अंदर भेजा। हालांकि, छात्राओं का गुस्सा पूरी तरह शांत नहीं हुआ। वे प्राचार्य का निलंबन वापस लेने और उन्हें फिर से विद्यालय की जिम्मेदारी सौंपने की मांग पर अड़ी रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *