गढवा

गढ़वा में नगरपालिका चुनाव को लेकर सख्ती, लाइसेंसी हथियार जमा करने का आदेश

गढ़वा

Garhwa : गढ़वा जिले की तीन नगरपालिकाओं में होने वाले नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गढ़वा नगर परिषद, श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत और मझिआंव नगर पंचायत में चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव ने जिले के सभी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में लाइसेंसधारी हथियारों को जमा कराने का आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सभी लाइसेंसधारी अपने अस्त्र-शस्त्र तय समय के भीतर संबंधित थाना में जमा कराएं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए यह कदम जरूरी है। उन्होंने आम जनता से भी प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।

स्क्रीनिंग समिति करेगी समीक्षा

प्रशासन ने बताया कि 8 जनवरी 2026 को राज्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में चुनावी सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश दिए गए थे। उसी के तहत सभी लाइसेंसधारी हथियारों की व्यक्तिगत समीक्षा और मूल्यांकन किया जाएगा। जिन मामलों में हथियार जमा करने से छूट देने की जरूरत होगी, उन पर विचार के लिए जिला स्क्रीनिंग समिति का गठन किया गया है। इस समिति में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सदस्य होंगे। समिति द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम माना जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारकों से निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि इन उपायों का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *