रांची

रांची में सरस्वती पूजा के दौरान सख्ती, विसर्जन तक 1000 जवान तैनात

Ranchi : राजधानी रांची में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 1000 अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। यह तैनाती पूजा से लेकर मूर्ति विसर्जन तक प्रभावी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिस बल को भी शामिल किया गया है।

छेड़खानी और असामाजिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शक्ति कमांडो को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरस्वती पूजा को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

एसएसपी ने निर्देश दिया है कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुबह से ही भ्रमणशील रहेंगे। संवेदनशील इलाकों में मोबाइल दस्ते लगातार गश्त करेंगे। साथ ही, सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति में फुटेज की मदद ली जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अश्लील गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पूजा पंडालों या अन्य किसी स्थान पर अश्लील या भड़काऊ गाने बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी पूजा समितियों को चेतावनी दी गई है कि वे नियमों का पालन करें। सुरक्षा बलों की तैनाती विसर्जन समाप्त होने तक जारी रहेगी। सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन को लेकर सभी पूजा समितियों को निर्धारित समय दे दिया गया है। तय समय के भीतर ही विसर्जन कार्य पूरा करना होगा। विसर्जन के दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र एनडीआरएफ की टीम भी मौजूद रहेगी।

कॉलेज और हॉस्टलों पर विशेष नजर

रांची में 1000 से अधिक स्थानों पर सरस्वती पूजा का आयोजन किया जाता है, लेकिन रांची कॉलेज में सबसे अधिक भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए रांची कॉलेज में होने वाली पूजा को लेकर विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं। छात्रों को संयम और अनुशासन के साथ पूजा मनाने की हिदायत दी गई है। कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और नियमों का पालन करें, ताकि सरस्वती पूजा का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *