Home

राज्य स्तरीय वुशु चैंपियनशिप का आगाज, 271 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

पूर्वी सिंहभूम, 24 अगस्त । चाईबासा स्थित सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में सोमवार से डीएवी स्पोर्ट्स 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय राज्य स्तरीय वुशु चैंपियनशिप शुरू हुई। 24 और 25 अगस्त को आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के 10 संकुलों के 26 डीएवी विद्यालयों से पहुंचे 271 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 198 बालक और 73 बालिकाएं हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और हवन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा, समाजसेवी सुरेश प्रसाद सिंह, पर्यवेक्षक के रूप में डीएवी गुआ के प्राचार्य प्रवीण कुमार और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर चैंपियनशिप की औपचारिक शुरुआत की गई।

उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद ध्वजारोहण, डीएवी गान, मार्च पास्ट और खिलाड़ियों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत प्रेरणादायी गीतों ने समारोह में जोश और उत्साह का माहौल बना दिया।

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण झारखंड वुशु संघ की टीम का प्रदर्शन रहा। गोकुलानंद मिश्र के निर्देशन में खिलाड़ियों ने वुशु की विभिन्न तकनीकों और कौशल का प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन को उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों ने सराहा।

प्रधानाचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। नियमित खेल गतिविधियों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *