Home

15 अगस्त तक बिना निबंधन वाले वाहनों पर चलेगा विशेष अभियान : उपायुक्त

हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में परिवहन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाहन निबंधन, कर वसूली, सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, अवैध परिवहन और प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने जिले में अवैध कोयला परिवहन और ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध प्रभावी एवं लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित जांच अभियान चलाकर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में वाहन निबंधन की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने 15 अगस्त 2026 तक बिना निबंधन वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने वाहन स्वामियों से समय पर निबंधन कराने और वाहनों की फिटनेस जांच नियमित रूप से कराने की अपील की।

प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पेट्रोल पंप पर प्रदूषण जांच (पीयूसी) की सुविधा उपलब्ध होना अनिवार्य है। जिन पेट्रोल पंपों पर यह सुविधा नहीं है, वहां 15 अगस्त से पहले आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएं। साथ ही निर्देश दिया गया कि वैध पीयूसी प्रमाण-पत्र नहीं रखने वाले वाहनों को ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाए।

बैठक में परिवहन नियमों का प्रभावी अनुपालन, राजस्व संग्रह बढ़ाने तथा सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी वाहन निबंधन, फिटनेस, कर भुगतान और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *