Home

दनुआ घाटी में बढ़ते सड़क हादसों पर SP सख्त, अवैध कट बंद करने समेत दिये कई निर्देश

Hazaribagh : हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एसपी अमन कुमार ने डीटीओ और NHAI अधिकारियों के साथ दनुवा घाटी का स्थलीय निरीक्षण किया और सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित स्थानों, ब्लैक स्पॉट, सड़क की स्थिति और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर अवैध कट, संकेतक बोर्ड की कमी और सड़क निर्माण क्षेत्र में लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

एसपी ने सबसे पहले सभी अवैध कटों को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति बनाए गए कट सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक रास्ता बदलने से गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं। वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए एडवांस साइन बोर्ड लगाने और स्पीड लिमिट बोर्ड स्थापित करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि घाटी क्षेत्र में स्पष्ट संकेतक और गति नियंत्रण बेहद जरूरी है। सभी वैध कटों पर लाइनमैन की प्रतिनियुक्ति करने को भी कहा गया है। लाइनमैन ट्रैफिक संचालन में मदद करेंगे और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेंगे।

जहां सड़क संकरी है या जाम और दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है, ऐसे बॉटल नेक क्षेत्रों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। साथ ही ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा गया। जरूरत वाले स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि वाहन की रफ्तार नियंत्रित रहे और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

सड़क निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में दिन में दो बार पानी का छिड़काव करने को कहा गया है। एसपी अमन कुमार का कहना है कि धूल के कारण दृश्यता कम होती है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। NHAI की एम्बुलेंस सेवा को भी पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से एम्बुलेंस चालक को हर समय तैयार रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके। एसपी ने स्पष्ट किया कि दनुआ घाटी राष्ट्रीय राजमार्ग का अत्यंत संवेदनशील हिस्सा है और यहां यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को तय समय सीमा में सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *