Home

रांची से डोडा सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार

रामगढ़, 10 जुलाई । झारखंड से दूसरे प्रदेशों में अवैध डोडा की तस्करी का मामला कई बार उजागर हुआ है।

रामगढ़ जिले के मांडू थाना पुलिस के द्वारा 12 जून को अवैध डोडा लदा एक ट्रक पकड़ा गया था। उस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

उन दोनों तस्करों को डोडा आपूर्ति करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर और खलासी ने पूछताछ में कहा था कि वह रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र से डोडा लादकर पंजाब की तरफ जा रहे थे।

मोबाइल और ड्राइवर के बयान से हुआ खुलासा

पुलिस ने जब उनके मोबाइल नंबर की जांच की तो रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नावागढ़, बाबूरामडीह निवासी कमल किशोर महतो उर्फ कमल महतो का नाम उजागर हुआ। पुलिस ने कमल महतो के खिलाफ पूरी फील्डिंग लगाई और उसका पूरा बैकग्राउंड खंगाल लिया। पुलिस पूरी तरीके से संतुष्ट हो गई कि कमल किशोर महतो उर्फ कमल महतो के द्वारा ही कई लोगों को डोडा उपलब्ध कराया जाता है। दूसरे राज्यों से झारखंड आने वाली गाड़ियों पर डोडा लादकर उसे दूसरे प्रदेशों में भेजा जाता है।

मांडू पुलिस ने की छापेमारी, भेजा जेल

मांडू थाना प्रभारी सदानंद के नेतृत्व में बनी टीम तमाड़ थाना क्षेत्र में पहुंची और कमल किशोर महतो को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उस डोडा तस्कर को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *