Home

चतरा में 408 बोतल शराब के साथ तस्कर धराया, बिहार भेजने की थी तैयारी

Chatra : चतरा में सदर चतरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 408 बोतल अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के हरहद गांव निवासी सोनू कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई कार को भी जब्त किया है। सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा से अवैध शराब की खेप बिहार भेजी जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने चतरा-गया मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध हुंडई कार को रोककर जांच की गई।

कार की डिक्की से मिली शराब की पेटियां

जांच के दौरान पुलिस ने कार की डिक्की में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार, कार में 17 पेटियों में कुल 408 बोतल अवैध शराब रखी हुई थी। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी सोनू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया और शराब समेत वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *