दुमका

एसकेएमयू का 9वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न, राज्यपाल ने किया मेडल और उपाधि का वितरण

दुमका, 17 नवंबर । सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय(एसकेएमयू)का 9वां दीक्षांत समारोह सोमवार को दुमका स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने की और मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक व उपाधि प्रदान की। समारोह में कुल 78 छात्रों को स्वर्ण पदक तथा 37 पीएचडी शोधार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। इसके अलावा विभिन्न परीक्षाओं में सफल 33697 छात्रों को इन-एबसेंशिया डिग्री दी गई।

वहीं सर्वश्रेष्ठ स्नातक (बेस्ट ग्रेजुएट) के रूप में तृप्ति शोभा मरांडी को सम्मानित किया गया। वे सेंट जेवियर्स कॉलेज महारो की गणित विभाग की छात्रा (यूजी सत्र 2021-24) है और सर्वोच्च अंक हासिल की हैं।

पारंपरिक भारतीय परिधान में दिखा सांस्कृतिक रंग

दीक्षांत समारोह में इस बार भी भारतीय पारंपरिक परिधान की झलक देखने को मिली। डिग्री और मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं कुर्ता-पायजामा, सलवार-कुर्ता और साड़ी जैसे पारंपरिक वस्त्रों में नजर आए। कार्यक्रम में राज्यपाल सह कुलाधिपति ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने पर बल दिया साथ ही उन्होंने कहा कि दीक्षांत का अर्थ किसी शिक्षा का अंत नहीं बल्कि जीवन की नई शुरुआत है। आज आपके हाथों में जो उपाधि है वह सिर्फ प्रमाण पत्र नहीं बल्कि आपके माता-पिता के त्याग और आपके शिक्षकों के शपथ मार्गदर्शन का प्रतीक है। आप समाज के लिए प्रेरणा बने। इस विश्वविद्यालय में विद्यार्थी के रूप में आप सभी के कंधों पर अपने समाज अपने संस्कृति और अपने राज्य के विकास के योगदान देने के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का संकल्प रखा है। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *