योग दिवस पर स्केटबोर्डिंग खिलाड़ियों का संकल्प: ओलंपिक में खेल को दिलाएंगे नई पहचान
रांची, 21 जून 2026। 12वीं रैंकिंग नेशनल चैंपियनशिप के सफल समापन के बाद रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड (RSAJ) के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने स्केटबोर्डिंग कौशल का प्रदर्शन करने के साथ-साथ योगाभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक संतुलन का संदेश दिया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्केटबोर्डिंग को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना तथा ओलंपिक खेलों में इसकी पहचान को और मजबूत करना था। झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े खिलाड़ियों ने खेल के विकास और युवाओं में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
हाल ही में संपन्न 12वीं रैंकिंग नेशनल चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद आयोजित इस कार्यक्रम ने खेल और स्वास्थ्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।
इस अवसर पर रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड (RSAJ) के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संघ के वरिष्ठ सदस्य विकास सिंह, अभिषेक राठौर, जयप्रकाश गुप्ता तथा सचिव सुमित शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपार क्षमता है।
उन्होंने कहा, “हमारे खिलाड़ी ओलंपिक स्तर पर देश और राज्य का नाम रोशन करने में सक्षम हैं। नेशनल चैंपियनशिप के बाद योग दिवस के अवसर पर स्केटबोर्डिंग को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देने का उनका प्रयास सराहनीय है। संघ खिलाड़ियों के विकास और खेल के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम में संघ के अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
