खेलपश्चिमी सिंहभूमि

पश्चिमी सिंहभूम के 06 एथलीट करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व, 60वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री में दिखेगा जिले का दमखम

पश्चिमी सिंहभूम, 12 जनवरी । राजधानी रांची में आगामी 24 जनवरी को आयोजित होने वाली 60वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में झारखंड राज्य की ओर से कुल 30 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें से पश्चिमी सिंहभूम जिले के 06 एथलीटों का चयन किया गया है, जो राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह चयन जिले के लिए गर्व का विषय है और एक बार फिर यहां की मजबूत एथलेटिक्स प्रतिभा को दर्शाता है।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग (10 किमी) में लालू कालुंडिया, महिला वर्ग (10 किमी) में दिलकी पारेया और बामाई तिरीया, अंडर-20 बालक वर्ग (08 किमी) में मांगू इचागुटू और सन्नी कोडा, जबकि अंडर-20 बालिका वर्ग में चोमन सुंडी का चयन किया गया है।

सभी खिलाड़ियों का चयन झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन की चयन समिति द्वारा जूम मीटिंग के माध्यम से किया गया। चयन समिति में प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन मधुकांत पाठक, संघ के अध्यक्ष सीडी सिंह, सचिव शिवकुमार पांडेय, कोच बिनोद कुमार सिंह तथा सदस्य योगेश प्रसाद, अजय नायक और रितेश आनंद शामिल थे। चयन का आधार हाल ही में लातेहार के महुआडांड़ में आयोजित राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बनाया गया।

इस संबंध में पश्चिमी सिंहभूम एथलेटिक्स संघ के महासचिव अजय नायक ने बताया कि लातेहार में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महिला वर्ग में पश्चिमी सिंहभूम जिला ओवरऑल चैंपियन बना था। उन्होंने जिला प्रशासन और खेल विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले चार-पांच वर्षों से जिले में खेल आवासीय केंद्र या डे-बोर्डिंग सेंटर खोलने के लिए लगातार आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई एथलेटिक्स सेंटर नहीं खोला गया है। इसके बावजूद जिले के एथलीट सीमित संसाधनों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीत रहे हैं और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

चयनित सभी खिलाड़ियों को पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक मंत्री दीपक बिरुवा, एथलेटिक्स एसोसिएशन की मुख्य संरक्षक सांसद जोबा माझी, संरक्षक विधायक जगत माझी, मुकुंद रुंगटा सहित जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इसी प्रतियोगिता के लिए अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं पश्चिमी सिंहभूम ओलंपिक और एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव अजय नायक को झारखंड टीम का टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। इससे टीम को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलने की उम्मीद है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *