पलामू में एसआईआर अभियान को मिली रफ्तार, अधिकांश प्रखंडों में 94 से 98 प्रतिशत तक गणना प्रपत्र वितरित

पलामू, 14 जुलाई: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत पलामू जिले में गणना प्रपत्रों का वितरण तेजी से जारी है। अधिकांश प्रखंडों में 94 से 98 प्रतिशत घरों तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं, जिससे मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डालटनगंज प्रखंड 98.09 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण के साथ जिले में पहले स्थान पर है। इसके बाद छतरपुर (96.01 प्रतिशत), बिश्रामपुर (95.69 प्रतिशत), पांकी (94.80 प्रतिशत) और हुसैनाबाद (94.73 प्रतिशत) का स्थान है।
वहीं, गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण में बिश्रामपुर प्रखंड 57.78 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है। इसके बाद पांकी (46.11 प्रतिशत), छतरपुर (40.91 प्रतिशत), डालटनगंज (38.04 प्रतिशत) और हुसैनाबाद (35.46 प्रतिशत) का स्थान है। प्रशासन का कहना है कि प्रपत्रों के वितरण के साथ-साथ उन्हें ऑनलाइन प्रणाली में अपलोड करने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, हालांकि कुछ प्रखंडों में इस प्रक्रिया को और गति देने की आवश्यकता है।
जिला प्रशासन ने बताया कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन कर मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना प्रपत्र समय पर भरकर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
