रांची

भजनों से भक्तिमय हुआ श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर

श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन साध्वी गोपिका ने सुनाया सुखदेव जी के जन्म का प्रसंग, महिला समिति ने निराश्रितों को कराया भोजन

रांची, संवाददाता। डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया।

वृंदावन की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी गोपिका जी ने मंगलाचरण के साथ कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत के सार के साथ व्यास श्री सुखदेव जी के जन्म प्रसंग की भावपूर्ण व्याख्या की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, धर्म, भक्ति, सदाचार और आत्मज्ञान की दिशा दिखाने वाला दिव्य ग्रंथ है। इसके श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, विवेक और वैराग्य का भाव जागृत होता है।

साध्वी गोपिका ने कहा कि संसार में रहते हुए भी मनुष्य को मोह-माया से ऊपर उठकर परमात्मा की भक्ति और सत्य के मार्ग को अपनाना चाहिए। सुखदेव जी जन्म से ही ब्रह्मज्ञानी और वैराग्य भाव से संपन्न थे। उनके जीवन से यह संदेश मिलता है कि वास्तविक ज्ञान वही है, जो मनुष्य को अहंकार, मोह और सांसारिक बंधनों से मुक्त कर परमात्मा के चरणों की ओर ले जाए।

कथा के दौरान साध्वी गोपिका ने श्री राधारानी और श्रीकृष्ण के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। इससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा मंदिर परिसर राधे-राधे और श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।

इस अवसर पर श्री राधारानी श्यामा जी का आभूषणों से अलौकिक एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। कथा के समापन पर सामूहिक आरती हुई और प्रसाद का वितरण किया गया।

निराश्रितों को कराया भोजन

श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी महिला समिति की ओर से सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे निराश्रित प्रभुजनों को भोजन कराया गया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि कथा के तीसरे दिन ध्रुव चरित्र, जड़ भरत, भारतवर्ष की महिमा और अजामिल कथा प्रसंग की प्रस्तुति होगी। कथा प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेश का लाभ लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, अरविंद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, अंजनी अग्रवाल, विशाल जालान, पुजारी अरविंद पांडेय, मनीष सोनी, विष्णु सोनी, पवन अग्रवाल, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, पवन पोद्दार, संजय सर्राफ, विद्या देवी अग्रवाल, उर्मिला पाड़िया, सुनीता अग्रवाल, संतोष देवी अग्रवाल, शीला मुरारका, शकुंतला केजरीवाल, सरिता अग्रवाल, सुमन चौधरी, आशा मुंजाल, रामादेवी डोकानिया, अमिता जालान, दीपिका मोतीका, नीलम गोयल, नंद रानी पाठक, आशा सिंह, उषा देवी, ललिता पोद्दार, किरण पोद्दार, ललिता अग्रवाल, भगवती देवी, लाल देवी, सुनीता देवी, आशा मिश्रा, किरण बरनवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *