Home

झारखंड में भीषण शीतलहर, गुमला सबसे ठंडा, पूरे राज्य में येलो अलर्ट

Ranchi : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और पूरा राज्य इस समय भीषण शीतलहर की चपेट में है। पछुआ हवाओं के कारण ठंड काफी बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि सूबे के कई जिलों की ठंड की तुलना कश्मीर और शिमला जैसे हिल स्टेशनों से की जा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। इसे देखते हुए रांची मौसम केंद्र ने पूरे झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया है।

गुमला सबसे ठंडा जिला

मौसम विभाग के अनुसार गुमला जिले में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। वहीं, खूंटी और लोहरदगा में तापमान 3.7 डिग्री, जबकि डाल्टनगंज में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

सरायकेला-खरसावां, पाकुड़ और लातेहार में न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। ठंड का असर इतना ज्यादा है कि शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखी जा रही है।

दोपहर में भी सावधानी जरूरी

रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल पूरे झारखंड में शीतलहर का असर बना हुआ है। यह ठंड सिर्फ सुबह और शाम तक सीमित नहीं है, बल्कि दोपहर में भी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को धूप में बैठते समय भी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

3-4 दिन तक जारी रहेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक झारखंड में ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *