राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में कई अहम निर्णय, सदस्यता अभियान में झारखंड रहा अव्वल
जनसेवा कार्यक्रमों पर जोर, राजस्थान महोत्सव के लिए राष्ट्रीय पदाधिकारियों को आमंत्रण
रांची/कोलकाता: अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति (सत्र 2025-27) की द्वितीय बैठक केंद्रीय कार्यालय कोलकाता में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता ने किया।
बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सर्राफ, झारखंड से प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य संतोष कुमार अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर झारखंड प्रांत की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट में सदस्यता अभियान, सामाजिक गतिविधियों, मारवाड़ महोत्सव और समाज सेवा कोष जैसी पहल की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से झारखंड ने 876 नए सदस्य जोड़कर पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया, जिस पर बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सराहना की।
बैठक में समाज के जनप्रतिनिधियों के सम्मान, महापंचायत गठन प्रक्रिया और संस्कार एवं शुचिता विषयक संगोष्ठी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। साथ ही आगामी 17, 18 और 19 मई को पूर्वी सिंहभूम में आयोजित तीन दिवसीय राजस्थान महोत्सव के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी को आमंत्रित किया गया।
अंत में झारखंड प्रांत की ओर से आगामी एआईसी बैठक के आयोजन हेतु भी आमंत्रण दिया गया। यह बैठक संगठन की एकजुटता, सक्रियता और समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रही।
इस संबंध में जानकारी संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
