सिमडेगा

सिमडेगा में ओपी प्रभारी पर घूसखोरी का गंभीर आरोप, एसपी से की शिकायत

ओपी

Simdega : जिले के गिरदा ओपी प्रभारी विद्यासागर चौरसिया पर एक लाख रुपये घूस लेने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर गिरदा और आसपास के गांवों के ग्रामीण सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे और ओपी प्रभारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बेवजह परेशान करने और पैसे मांगने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि गिरदा ओपी प्रभारी आए दिन लोगों को बेवजह परेशान करते हैं और किसी न किसी बहाने पैसे की मांग की जाती है। शिकायत में बताया गया है कि जोशपा टुडू नामक ग्रामीण ने प्रशासन से विधिवत अनुमति लेकर जलावन के लिए अपने आम के पेड़ को कटवाया था।

ट्रैक्टर और लकड़ी जब्त कर मांगी घूस

ग्रामीणों के अनुसार, जब कटी हुई लकड़ी को ट्रैक्टर पर लोड किया जा रहा था, उसी दौरान ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर सहित लकड़ी को जब्त कर लिया। आरोप है कि इसे छोड़ने के बदले ओपी प्रभारी ने एक लाख रुपये की मांग की और दबाव बनाकर पैसे भी ले लिए।

डर और तनाव में जी रहे ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई से इलाके के लोग मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। पुलिस के डर से लोग खुलकर कुछ कह भी नहीं पाते और भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। इसी वजह से मजबूर होकर ग्रामीणों को एसपी कार्यालय तक आना पड़ा।

एसपी ने लिया तुरंत संज्ञान, जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने एडीपीओ को पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है। एसपी ने साफ कहा है कि अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *