रांची

रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुई सेपकटकरा अस्मिता लीग, महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दम

रांची, 26 जुलाई। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत भारत सरकार के अस्मिता अभियान के अंतर्गत आयोजित सेपकटकरा अस्मिता लीग का प्रथम चरण रविवार को रांची स्थित मनन विद्या मनराखन महतो विद्यालय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड और रांची जिला सेपकटकरा एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

प्रतियोगिता में रांची के विभिन्न विद्यालयों और क्लबों की महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि मनराखन महतो थे, जबकि विद्यालय की प्राचार्या रेखा नायडू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नियमित प्रशिक्षण के महत्व पर बल दिया।

समापन समारोह में सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सचिव शिवेंद्र नाथ दुबे और उपाध्यक्ष मनोज कुमार महतो ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि अस्मिता लीग झारखंड की महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता भविष्य में खेलो इंडिया और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं की पहचान का प्रभावी मंच बनेगी। इस अवसर पर रत्नेश कुमार भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का तकनीकी संचालन अमरेंद्र दत्त द्विवेदी के नेतृत्व में किया गया। उन्हें रौनक कुमार, साकेत सौरव, विवेक कुमार, अनीश गिरी और कौशल्या कुमारी का सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता परिणाम

  • प्रथम स्थान: मनन विद्या मनराखन महतो विद्यालय
  • द्वितीय स्थान: मनन विद्या बी ग्रुप
  • तृतीय स्थान: कैंब्रियन पब्लिक स्कूल
  • तृतीय स्थान: बी.एड. कॉलेज

सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष उदय साहू ने सभी खिलाड़ियों, विद्यालय प्रबंधन, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अस्मिता लीग के आगामी चरण भी सफलतापूर्वक आयोजित होंगे और झारखंड में महिला सेपकटकरा खेल को नई पहचान और नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *